Happy Birthday | 71 वर्ष के हुए Little Master सुनील गावस्कर

ये तो हम सभी जानते हैं कि महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर का जन्म दस जुलाई 1949 को मुंबई में हुआ। ये भी सभी जानते हैं कि पद्म भूषण, पद्मश्री, अर्जुन पुरस्कार के साथ साथ विस्डेन भी वे हासिल कर चुके हैं। साल 2012 में उन्हें 'कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड फॉर क्रिकेट इन इंडिया' दिया गया। अपनी कम हाइट के बावजूद बॉलर्स को पस्त कर देने वाले सुनील गावस्कर ने जब दस हजार रन पूरे किए तो उन्हें नाम मिला ‘लिटिल मास्टर।’

अच्छा ये भी तो आप जानते ही होंगे कि सुनील गावस्कर पहले ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में दस हजार रन पूरे किए थे। उन्होंने अपने पूरे करियर में 125 टेस्ट मैच खेलकर 10,122 रन बनाए। वनडे में 108 मैच खेलकर 3092 रन बनाए। उन्होंने अपने करियर के 35 शतक में से 34 शतक टेस्ट और एक शतक वन डे में लगाया। सुनील गावस्कर को भारतीय क्रिकेट टीम का सबसे सफल ओपनर माना जाता है। वे पहले ऐसे खिलाड़ी हैं जिनके नाम विकेटकीपिंग के अलावा 100 से भी ज्यादा कैच पकड़ने का रिकॉर्ड है। महान क्रिकेटर कपिल देव उन्हें हर क्रिकेटर का हीरो मानते हैं।

क्या आप ये जानते हैं कि उन्होंने क्रिकेट से जुड़ी कई किताबें भी लिखी हैं। जिनमें सनी डेज़, आइडल्स, रंस एंड रुइंस और वनडे वंडर्स काफी लोकप्रिय हुईं। इतनी ही नहीं उन्होंने 1988 में आई फिल्म मालामाल में गेस्ट अपीयरेंस भी दिया।  

अब आपको ये भी बता दें कि आखिर एमसीए यानी मुंबई क्रिकेट एसोसिएशऩ की तरफ से लिटिल मास्टर को बर्थडे गिफ्ट क्या मिला है। MCA ने कहा है कि वानखेड़े स्टेडियम में एक बार फिर सुनील गावस्कर के लिए दो स्थायी सीटें रखी जाएंगी। आपको बता दें कि जब गावस्कर ने क्रिकेट से संन्यास लिया तब गरवारे पवेलियन में उनके और उनकी पत्नी के लिए दो स्थायी सीटें रखी गई थीं, लेकिन साल 2011 में जब स्टेडियम का नवीनीकरण हुआ तो ये सीटें नहीं रखी गईं। लेकिन अब एक बार फिर सुनील गावस्कर के जन्मदिन के मौके पर MCA ने कहा है कि वानखेड़े के प्रेसीडेंट बॉक्स में दो सीटें सुनील गावस्कर के लिए रखी जाएंगी।

वैसे जो सुनील गावस्कर ने इंडियन क्रिकेट को दिया है उसके बदले उन्हें जितना प्यार, सम्मान दिया जाए, कम ही है। फिर भी ये कहना तो बनता है कि सनी सर, तुस्सी ग्रेट हो।

Unbiased India की पूरी टीम और पाठकों की तरफ से Happy B’day Little Master Sunil Gavaskar.  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *