कोरोना से बचने के लिए एन-95 मास्क खरीदने पर देश के लोगों ने करोड़ों रुपये खर्च कर दिए। लेकिन, अब केंद्र सरकार ने कहा है कि वॉल्व वाले N-95 मास्क से कोरोना वायरस का प्रसार नहीं रुकता है। केंद्र ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश सरकारों को एडवायजरी जारी करते हुए इस संबंध में निर्देश देने को कहा है।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष द्वारा सदस्यता समाप्त किए जाने का नोटिस दिए जाने के बाद सचिन पायलट और कांग्रेस के 18 अन्य विधायकों ने राजस्थान हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने आज फैसला सुरक्षित रख लिया है। अदालत ने 24 जुलाई तक किसी भी कार्रवाई पर रोक लगा दी है।
मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन का आज सुबह निधन हो गया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश के कई बड़े नेताओं ने श्रद्धांजलि दी।
असम में बाढ़ के कारण अब तक 150 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। उधर, संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि वो बाढ़ग्रस्त असम में राहत कार्यों के लिए भारत सरकार की मदद करने के लिए तैयार है।
गैंगस्टर विकास दुबे का आज एक और वीडियो वायरल हुआ है। यह वीडियो उसके जेल से छूटने के बाद का है। जेल से छूटने के बाद विकास जब बिकरू पहुंचा था तो उसके समर्थकों ने नारा लगाते हुए उसका स्वागत किया था।
देश में कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर तंज कसा है। राहुल ने आज कटाक्ष करते हुए कहा कि देश कोरोना की लड़ाई में ‘आत्मनिर्भर’ है। वहीं, केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि लग रहा है कि कांग्रेस पार्टी केवल ट्वीट करने तक ही सीमित रह गई है।
राम मंदिर की आधारशिला के लिए इंडियन बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएसन ने आज रामलला को 33 किलो चांदी की ईंट भेंट की है। बता दें कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन पांच अगस्त को होने वाला है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घर-घर राशन योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसे कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है और अब घर—घर पहुंचकर राशन दिया जाएगा।
डीआरडीओ ने भारतीय सेना को स्वदेश में विकसित ‘भारत’ ड्रोन उपलब्ध कराए हैं। ये ड्रोन अधिक ऊंचाई वाले इलाकों और पर्वतीय क्षेत्रों में सटीक निगरानी में सक्षम हैं।
बिहार के पूर्णिया जिले में गैस सिलेंडर फटने की वजह से एक परिवार के सात लोग बुरी तरह से झुलस गए। इनमें से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग बूरी तरह घायल हो गए।