देश में कोरोना वायरस की बढ़ती रफ्तार के बीच सरकार ने मास्क और सैनेटाइज़र को ज़रूरी सामान की लिस्ट से हटा दिया है। इस कारण फिर से मास्क और सैनेटाइजर के दाम बढ़ सकते हैं। हालांकि अगले एक साल तक 10 फीसदी से अधिक दाम नहीं बढ़ाने की बात हुई है।
विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2020-21 अब नवंबर से शुरू होगा। मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की अध्यक्षता में यूजीसी अधिकारियों के साथ हुई बैठक में यह फैसला लिया गया है। तय हुआ कि जेईई मेन और नीट 2020 परीक्षा का परिणाम जारी होने तक दिल्ली विश्वविद्यालय समेत देश के सभी विश्वविद्यालयों को अपनी एडमिशन विंडो ओपन रखनी होगी, ताकि कोई भी छात्र दाखिले से बंचित न रहे।
कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद से फरार मुख्य आरोपी विकास दुबे के सहयोगी अमर दुबे को आज हमीरपुर में मुठभेड़ में मार गिराया गया। अमर दुबे रिश्ते में विकास दुबे का भतीजा था।
विश्व स्वास्थ्य संगठन यानि डब्ल्यूएचओ ने हवा से कोरोना संक्रमण के फैलने की बात को स्वीकार करते हुए कहा कि इससे इनकार नहीं किया जा सकता है। बता दें कि दुनियाभर के 200 से अधिक वैज्ञानिकों के एक समूह ने डब्ल्यूएचओ से कोरोना वायरस को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी करने के लिए कहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आधिकारिक तौर पर अमेरिका को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) से अलग कर लिया है। अमेरिकी सांसद बॉब मेनेंडेज ने कहा कि महामारी के बीच ट्रंप का यह निर्णय अमेरिका को अलग-थलग कर देगा। बता दें कि ट्रंप ने डब्ल्यूएचओ पर कोरोना वायरस के रोकथाम को लेकर सही जानकारी नहीं देने का भी आरोप लगाया था।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तान की तरफ से हुई फायरिंग में आज एक नागरिक की मौत हो गई है। संघर्ष विराम का उल्लंघन पर भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की।
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.3 मापी गई। हालांकि इसमें किसी भी तरही के नुकसान की खबर नहीं है।
उत्तराखंड के गढ़वाल और कुमाऊं में बारिश का कहर जारी है। अल्मोड़ा के द्वाराहाट में एक मकान के ध्वस्त होने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी का अलर्ट जारी किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिटेन में शुरू हो रहे ‘इंडिया ग्लोबल वीक 2020’ कार्यक्रम को आज संबोधित करेंगे। इस वर्चुअल वैश्विक संबोधन में वह भारत के व्यापार और विदेशी निवेश पर अपने विचार रखेंगे।
अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने ‘रीसिप्रोकल एक्सेस टू तिब्बत’ एक्ट के तहत चीनी अधिकारियों के एक समूह के वीजा पर प्रतिबंध लगा दिया है। पोम्पिओ के अनुसार, ये अधिकारी विदेशियों की तिब्बत तक पहुंच को प्रतिबंधित करने में शामिल थे।