Kanpur Encounter Case | विकास दुबे उज्जैन से गिरफ्तार

- कानपुर एनकाउंटर का मुख्य आरोपी विकास दुबे उज्जैन से गिरफ्तार हो गया है। वह मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकाल का दर्शन कर बाहर निकला था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसे सबसे पहले महाकाल मंदिर के गार्ड ने पहचाना। बता दें कि उसकी तलाश पांच राज्यों की पुलिस कर रही थी।
- पांच लाख के इनामी विकास दुबे के दो और साथियों को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। विकास के साथी प्रभात को कानपुर में और बऊआ दुबे उर्फ प्रवीण को इटावा में एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। उनके कब्जे से चार पिस्टल और 44 कारतूस बरामद किए गए थे।
- उत्तर कश्मीर के बांदीपुरा में बुधवार रात को आतंकवादियों ने एक भाजपा नेता, उनके पिता और भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। जिसके बाद जम्मू-कश्मीर प्राधिकारियों ने नेता की सुरक्षा में कथित लापरवाही के मामले में सात पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया। इसे लेकर उमर अब्दुल्ला ने इस घटना पर खेद व्यक्त किया।
- सेना ने 89 ऐप्स का इस्तेमाल जवानों और अधिकारियों के लिए बैन कर दिया है। इनमें फेसबुक, टिकटॉक, ट्रू कॉलर, इंस्टाग्राम जैसी ऐप शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि इन ऐप्स से सूचनाओं के लीक होने की आशंका है।
- LAC पर चीन के साथ जारी सीमा विवाद पर अमेरिका ने कहा है कि वह भारत के साथ खड़ा है। अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने अपने भारतीय समकक्ष एस जयशंकर से बात करने के बाद कहा कि चीन के आक्रामक रुख का भारत ने सही जवाब दिया। ड्रैगन पर निशाना साधते हुए अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि चीन का उसके हर पड़ोसी देश के साथ सीमा विवाद है।
- कोरोना के कारण केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 2020-21 सत्र के लिए कक्षा 9 से 12 तक का पाठ्यक्रम 30 प्रतिशत घटा दिया है। राजनीति विज्ञान से पाठ तीन लोकतंत्र एवं विविधता, पाठ चार लिंग, धर्म एवं जाति, पाठ पांच चर्चित संघर्ष एवं आंदोलन और पाठ आठ लोकतंत्र की चुनौतियां इस साल नहीं पढ़ाया जाएगा। वहीं कक्षा 12 समाजशास्त्र से भारतीय लोकतंत्र की कहानी, वैश्वीकरण एवं सामाजिक बदलाव एवं जनसंचार चार पाठ कम हुए हैं।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों से बातचीत करेंगे। इसके साथ ही वह कोरोना वायरस संकट के कारण लागू लॉकडाउन के दौरान उनके द्वारा खाद्यान्न वितरण एवं अन्य सहायता पहुंचाने संबंधी प्रयासों के बारे में चर्चा करेंगे।
- भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआइ) के नेतृत्व में भारतीय बैंकों का कंसोटयम भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्या के खिलाफ इंग्लैंड के हाई कोर्ट से बैंक्रप्सी ऑर्डर के लिए प्रयास कर रहा है। बैंकों का कहना है कि माल्या की तरफ से दिया गया सेटलमेंट का कोई भी ऑफर निरर्थक है। कर्ज की राशि की सुरक्षा के लिए बैंक्रप्सी ऑर्डर जरूरी है।
- उत्तर प्रदेश के चित्रकूट की खदानों में नाबालिग लड़कियों के साथ यौन शोषण के मामले में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। राहुल ने कहा कि अनियोजित लॉकडाउन में भूख से मरता परिवार, इन बच्चियों ने ज़िंदा रहने की ये भयावह कीमत चुकाई है। क्या ये ही हमारे सपनों का भारत है?
- वेटरन कॉमेडियन जगदीप का कल रात मुंबई में निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे। जगदीप का असली नाम सैयद इश्तियाक अहमद जाफरी था। जगदीप के दोस्त प्रोड्यूसर महमूद अली ने बताया कि बांद्रा स्थित घर में रात करीब 8.30 बजे उनकी मौत हो गई। बता दें कि जगदीप ने 400 से ज्यादा फिल्में की थी और फिल्म शोले के सूरमा भोपाली के किरदार से वह काफी प्रचलित थे।
Facebook Comments